28.9 C
Jaipur
Wednesday, July 16, 2025

मैराथन धावक फौजा सिंह को टक्कर मारने वाले वाहन का चालक गिरफ्तार

Newsमैराथन धावक फौजा सिंह को टक्कर मारने वाले वाहन का चालक गिरफ्तार

चंडीगढ़, 16 जुलाई (भाषा) दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक 114 वर्षीय फौजा सिंह को वाहन से टक्कर मारने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जो तीन हफ्ते पहले ही कनाडा से पंजाब में अपने पैतृक गांव लौटा था।

अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जालंधर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरविंदर सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अमृतपाल सिंह ढिल्लों (26) को मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया और उसकी गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।

अधिकारी ने बताया कि करतारपुर निवासी ढिल्लों पर्यटक वीजा पर कनाडा गया था लेकिन वहां उसे वर्क परमिट मिल गया था जो 2027 तक वैध है। उन्होंने बताया कि आरोपी पिछले महीने के अंत में भारत लौटा था।

ढिल्लों को करतारपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी ने संवाददाताओं को बताया कि ढिल्लों किसी काम की जल्दबाजी में अपनी कार तेज गति से चला रहा था। सिंह ने कहा, ‘‘फौजा सिंह को टक्कर मारने के बाद वह घबरा गया और इसीलिए उसने अपनी कार नहीं रोकी।’’

आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना वाले दिन उसने कार का एक टायर बदलवाया था।

सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि जब उसने सड़क पार कर रहे फौजा सिंह को टक्कर मारी, उस समय उसकी गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी।

एसएसपी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ढिल्लों की जिम्मेदारी बनती थी कि वह अपना वाहन रोककर फौजा सिंह को अस्पताल ले जाता।

फौजा सिंह (114) जालंधर स्थित अपने पैतृक गांव ब्यास में जालंधर-पठानकोट राजमार्ग पर सोमवार शाम टहलने निकले थे, तभी ढिल्लों के वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। ढिल्लों उस समय भोगपुर से किशनगढ़ जा रहा था।

ग्रामीणों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि फौजा सिंह पांच से सात फुट तक हवा में उछल गए। हादसे में उनको गंभीर चोटें आईं और घटना वाले दिन सोमवार शाम को ही उनकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि आरोपी का परिवार विदेश में रहता है और वह हाल में अपने पैतृक गांव लौटा था। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही और जानकारी सामने आएगी।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना) और 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सिंह ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर कहा था, ‘‘हमने सीसीटीवी फुटेज से वाहन की पहचान कर ली है। यह पंजाब में पंजीकृत ‘टोयोटा फॉर्च्यूनर’ है। दुर्घटनास्थल से हमें गाड़ी की हेडलाइट के कुछ टुकड़े मिले थे। इसके बाद हमने वाहन का पता लगाया।’’

उन्होंने बताया, ‘‘वाहन को एक से ज्यादा बार बेचा जा चुका है।’’

विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मैराथन धावक के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सिंह एक असाधारण व्यक्ति थे, जिन्होंने अपने विशिष्ट व्यक्तित्व से और ‘फिटनेस’ के विषय पर भारत के युवाओं को प्रेरित किया।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अनुभवी मैराथन धावक फौजा सिंह ने अपनी मैराथन दौड़ से दुनियाभर के सिख समुदाय को गौरवान्वित किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फौजा सिंह के निधन की खबर बेहद दुखद है।

पंजाब विधानसभा ने मंगलवार को फौजा सिंह को श्रद्धांजलि दी। विधानसभा के विशेष सत्र के अंतिम दिन, संसदीय कार्य मंत्री रवजोत सिंह ने सदन में सिंह को श्रद्धांजलि देने संबंधी प्रस्ताव रखा।

फौजा सिंह ने 89 वर्ष की उम्र में मैराथन दौड़नी शुरू की थी और फिर दुनिया भर में अपने जोश एवं जज्बे का डंका बजाया। उनकी एथलेटिक क्षमता के कारण उन्हें ‘‘टर्बन्ड टॉरनेडो’’ कहा जाने लगा।

वर्ष 1911 में एक किसान परिवार में जन्मे फौजा सिंह चार भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। वह 100 वर्ष की आयु में मैराथन पूरी करने वाले पहले व्यक्ति बने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए।

वह 1990 के दशक में इंग्लैंड चले गए थे और हाल के वर्षों में पंजाब स्थित अपने पैतृक गांव में रहने के लिए लौट आए थे। वह 2012 के लंदन ओलंपिक में मशाल वाहक थे।

उन्होंने लंदन, न्यूयॉर्क और हांगकांग की प्रसिद्ध मैराथन सहित कई मैराथन दौड़ में भाग लिया था।

उनकी सबसे यादगार दौड़ों में से एक 2011 की थी जब वह 100 वर्ष के हुए। टोरंटो में आयोजित प्रतियोगिता का नाम उनके सम्मान में रखा गया और उन्होंने अपने आयु वर्ग में कई विश्व रिकॉर्ड तोड़े।

पिछले साल, सिंह नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित एक ‘वॉकथॉन’ में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के साथ शामिल हुए थे।

भाषा खारी मनीषा नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles