चेन्नई, 21 जुलाई (भाषा) ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक) के संगठन सचिव एवं पूर्व सांसद अनवर राजा सोमवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की उपस्थिति में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) में शामिल हो गए।
जब से अन्नाद्रमुक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ चुनावी गठबंधन किया है तभी से राजा पार्टी महासचिव ई. के. पलानीस्वामी पर तीखे हमले कर रहे हैं।
राजा ने कहा कि तमिलनाडु को केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा हिंदी थोपे जाने और राज्य की स्वायत्तता छीने जाने जैसी चुनौतियों से बचाने के लिए उनके पास द्रमुक में शामिल के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।
राजा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा का एजेंडा पहले अन्नाद्रमुक को खत्म करना और फिर द्रमुक के खिलाफ लड़ना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार भी यह नहीं कहा है कि पलानीस्वामी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने केवल इतना कहा था कि तमिलनाडु में राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार बनाएगा।’’
भाषा
खारी सिम्मी
सिम्मी