28.1 C
Jaipur
Tuesday, July 22, 2025

बिहार पुलिस ने भोजपुर में चंदन मिश्रा हत्या के तीन वांछित अपराधियों को मुठभेड़ के बाद दबोचा

Fast Newsबिहार पुलिस ने भोजपुर में चंदन मिश्रा हत्या के तीन वांछित अपराधियों को मुठभेड़ के बाद दबोचा

आरा, 22 जुलाई (भाषा) बिहार के पटना में एक निजी अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में वांछित तीन लोगों को मंगलवार को बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गिरफ्तार लोगों की पहचान बलवंत कुमार, रविरंजन कुमार सिंह और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

खुफिया जानकारी के आधार पर विशेष कार्य बल और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम तड़के करीब पांच बजे बिहियां इलाके में पहुंची, जहां वे छिपे हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कर्मियों को देखकर उन्होंने गोलीबारी कर भागने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की और उन्हें काबू कर लिया। बलवंत कुमार और रविरंजन कुमार सिंह गोली लगने से घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल, दो मैगजीन और चार कारतूस जब्त किये गये। कुमार और सिंह का भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के एक सरकारी अस्पताल में इलाज हो रहा है।

पैरोल पर बाहर आए, हत्या के दोषी मिश्रा की 17 जुलाई को पटना के एक निजी अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह, उसके चचेरे भाई निशु खान और उनके दो साथियों हर्ष और भीम को शनिवार को कोलकाता से गिरफ्तार किया था।

भाषा योगेश मनीषा

मनीषा

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles