रांची, 23 जुलाई (भाषा) झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा से रांची के एक अस्पताल में बुधवार को मुलाकात की।
आठ बार सांसद रहे मुंडा को मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
राजभवन की एक विज्ञप्ति के अनुसार, गंगवार ने अस्पताल में मुंडा से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
गंगवार ने कहा, ‘‘करिया मुंडा सादगी और जनसेवा के प्रतीक हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
सोरेन ने अस्पताल में उनसे मुलाकात के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज, मैंने वरिष्ठ नेता आदरणीय करिया मुंडा जी से मुलाकात की, जिनका मेडिका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली तथा चिकित्सकों को उन्हें सर्वोत्तम उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया। मैं आदरणीय करिया जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
मुंडा के बेटे जगरनाथ मुंडा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हम उन्हें मंगलवार दोपहर अस्पताल ले गए थे, जब उनके रक्त शर्करा का स्तर घट गया था और उनका रक्तचाप बढ़ गया था। उनकी हालत अब स्थिर है और वह खाना भी खा रहे हैं।’’
अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है।
मरांडी ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘रांची के मेडिका अस्पताल में उपचाराधीन लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा जी से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
मुंडा (88) अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री ने रांची के एक अस्पताल में इलाज करा रहे पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बिमल लकड़ा (45) से भी मुलाकात की।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘आज मैं क्यूरेस्टा अस्पताल गया और वहां इलाज करा रहे पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बिमल लकड़ा से मुलाकात की। वहां मौजूद चिकित्सकों से उन्हें प्रदान किये जा रहे उपचार के बारे में जानकारी ली। मैं मारंग बुरु से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
लकड़ा 30 जून को सिमडेगा जिले में अपने पैतृक घर के पास एक खेत में अचेत पाये गए थे।
एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, लकड़ा को सिमडेगा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ‘सीटी स्कैन’ से पता चला कि उनके सिर में खून का थक्का जम गया है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश