सुकमा, 25 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोड़नगुड़ा बेदरे गांव से चार नक्सलियों तामु जोगा (25), पुनेम बुधरा (24), मड़कम भीमा (23) और मिड़ियम आयतु (24) को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 23 जुलाई को जगरगुंडा थाना से जिला बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल को बोडनगुड़ा, बेदरे और आस-पास क्षेत्र की ओर रवाना किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान बोड़नगुड़ा बेदरे गांव की घेराबंदी करके चारों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया। नक्सलियों से एक टिफिन बम बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि सभी गिरफ्तार नक्सली दिनांक 29 जून 2025 को बेदरे शिविर के निकट सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए बारूदी सुरंग लगाने की घटना में शामिल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
भाषा सं संजीव जोहेब
जोहेब