31.4 C
Jaipur
Sunday, July 27, 2025

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू ने सिंगापुर में तेलुगु पढ़ाए जाने का आह्वान किया

Newsआंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू ने सिंगापुर में तेलुगु पढ़ाए जाने का आह्वान किया

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, 27 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को सिंगापुर के स्कूलों में तेलुगु को दूसरी भाषा के रूप में पढ़ाए जाने का आह्वान किया।

नायडू ने यहां प्रवासी भारतीयों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह आह्वान किया। वह आंध्र प्रदेश को एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में प्रदर्शित करने के लिए पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सिंगापुर में हैं।

मुख्यमंत्री ने दुनियाभर की बहुराष्ट्रीय कंपनियों के तेलुगु मूल के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) की विशेषज्ञता का लाभ उठाने के लिए सीएक्सओ (मुख्य अनुभव अधिकारी) क्लब का भी उद्घाटन किया।

एक सामुदायिक नेता के अनुसार, सिंगापुर में तेलुगु मूल के लगभग 40,000 लोग हैं।

नायडू यहां ‘वन वर्ल्ड इंटरनेशनल स्कूल डिजिटल कैंपस’ में लगभग 2,000 प्रवासी सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।

सिंगापुर में तमिल चार आधिकारिक भाषाओं में से एक है (तीन अन्य-मलय, अंग्रेजी और मंदारिन हैं)। इसके अलावा, हिंदी और पंजाबी भी सिंगापुर के स्कूलों में मातृभाषा के रूप में पढ़ाई जाने वाली भाषाओं में शामिल हैं।

भारतीय उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अपने भाषण में, मुख्यमंत्री नायडू ने सिंगापुर के स्कूलों में तेलुगु पढ़ाए जाने का आह्वान किया। उन्होंने मुझसे सिंगापुर सरकार के साथ देश में तेलुगु को दूसरी भाषा के रूप में पढ़ाने का मुद्दा उठाने को कहा।’’

भाषा देवेंद्र पारुल

पारुल

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles