30.4 C
Jaipur
Sunday, July 27, 2025

हरियाणा के राजभवन में मनायी गयी हरियाली तीज

Newsहरियाणा के राजभवन में मनायी गयी हरियाली तीज

चंडीगढ़, 27 जुलाई (भाषा) हरियाणा के राजभवन में रविवार को हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन किया गया तथा राज्यपाल प्रोफेसर ए के घोष ने राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई दी और सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस पावन पर्व पर नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सैनी ने कहा कि तीज हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है जो हमें हमारी परंपराओं से जोड़ती है।

इस कार्यक्रम में राज्यपाल घोष की पत्नी मित्रा घोष, मुख्यमंत्री सैनी की पत्नी सुमन सैनी, हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के मुख्य सचिव राजीव वर्मा, हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा अपने जीवनसाथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुई।

इसके बाद हरियाणा राज्य गीत का सामूहिक प्रदर्शन हुआ, जिसने माहौल में सांस्कृतिक गौरव का भाव भर दिया। ‘सावन की रुत आई’ और पंजाबी लुड्डी (लोक नृत्य) जैसे लोकप्रिय हरियाणवी नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

राजभवन परिसर को रंग-बिरंगी रोशनियों से खूबसूरती से सजाया गया था जिससे उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।

महिलाओं और बच्चों के लिए पारंपरिक झूलों की व्यवस्था की गई थी, जबकि मेहंदी एवं चूड़ियों के स्टॉल ने उत्सव में चार चांद लगा दिए।

सांस्कृतिक दलों ने हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं और ग्रामीण जीवन की झलक प्रस्तुत करते हुए मनमोहक लोकगीत और नृत्य पेश किए।

उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर, राज्यपाल ने कला एवं संस्कृति विभाग और प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के लिए चार लाख रुपये के प्रोत्साहन पुरस्कार की घोषणा की।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles