ठाणे, एक अगस्त (भाषा) नवी मुंबई में एक तेज रफ्तार बस के पैदल यात्रियों को टक्कर मारने से छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे तुर्भे नाका इलाके में हुई।
उन्होंने बताया कि नवी मुंबई नगर परिवहन (एनएमएमटी) की एक इलेक्ट्रिक बस ने नियंत्रण खो दिया और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे छह लोग घायल हो गए।
तुर्भे पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अचासाहेब पाटिल ने बताया कि चालक प्रमोद रमेश कनौजिया (52) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 280 (जल्दबाजी में वाहन चलाना), 124 (ए) (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उप निरीक्षक प्रकाश जगताप ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि बस बहुत तेज़ गति से चलाई जा रही थी और फ़ाइज़र कंपनी रोड के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिन्हें चिकित्सा सहायता दी गई है।
उप निरीक्षक ने बताया कि दुर्घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। बस एनएमएमटी के तुर्भे डिपो की है,उसे जब्त कर लिया गया है तथा जांच जारी है।
भाषा योगेश शोभना
शोभना