नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश में लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश के तहत निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने के लिए “खतरनाक व्यवहार” करने और “दुर्भावनापूर्ण अभियान” चलाने का आरोप लगाया।
निर्वाचन आयोग पर निशाना साधते हुए गांधी की “वोट चोरी” वाली टिप्पणी पर पलटवार करते हुए रीजीजू ने कहा कि कांग्रेस नेता कई चुनाव हारने के बाद चुनाव प्राधिकरण के खिलाफ अभियान चलाकर “बचकाना” तरीके से काम कर रहे हैं।
संसदीय कार्य मंत्री रीजीजू ने कहा, “जब वे (कांग्रेस) चुनाव जीतते हैं, तो सब कुछ ठीक रहता है। लेकिन, जब वे चुनाव हार जाते हैं, तो निर्वाचन आयोग दोषी होता है। यह लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है।”
संसद के 21 जुलाई को शुरू हुए मानसून सत्र में इस वर्ष के अंत में होने वाले चुनावों से पहले बिहार में मतदाता सूची के संशोधन पर विपक्ष के विरोध के कारण बार-बार व्यवधान देखा गया।
रीजीजू ने गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाने का आरोप लगाया और इसे “खतरनाक व्यवहार और दृष्टिकोण” करार दिया।
उन्होंने कहा, “लोगों ने कहना शुरू कर दिया है कि राहुल गांधी देश की छवि खराब करने के लिए गंदा खेल खेल रहे हैं।”
मंत्री ने कहा कि अन्य विपक्षी दलों ने भी कहना शुरू कर दिया है कि गांधी देश को नुकसान पहुंचाने के लिए बहुत खतरनाक खेल खेल रहे हैं।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप