झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका डेढ़ महीने से इलाज चल रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल जाकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। हेमंत सोरेन पीएम से मिलने के बाद भावुक हो गए और आंसू नहीं रोक सके।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ‘मैंने सर गंगा राम अस्पताल पहुंचकर शिबू सोरेन जी को श्रद्धांजलि दी. उनके परिवार से भी मुलाकात की. मेरी संवेदनाएं हेमंत जी, कल्पना जी और शिबू सोरेन जी के प्रशंसकों के साथ हैं.” पीएम ने एक्स हैंडल पर कुछ तस्वीरें भी साझा की है। हेमंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री हैं और वे शिबू सोरेन के बेटे भी हैं। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी अध्यक्ष के पद पर भी हैं।
शिबू सोरेन के निधन पर जताया दुख
द्रोपद्री मुर्मू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत तमाम नेताओं ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख जाहिर किया किया है । गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि, ”झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिबू सोरेन जी के निधन की सूचना अत्यंत दु:खद है. झारखंड में जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए उन्होंने दशकों तक संघर्ष किया। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल सोरेन परिवार और उनके प्रशंसकों व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।’
पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
झामुमो के एक नेता ने जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर मंगलवार को रामगढ़ जिले में उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा और वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘गुरुजी का निधन पार्टी और झारखंड के लोगों, विशेषकर आदिवासियों, मूल निवासियों, पीड़ितों, वंचितों, दलितों, मजदूरों और किसानों के लिए बहुत बड़ी क्षति है।’’
जीवन के लिए संघर्ष का मार्ग दिखाया
उन्होंने कहा, ‘‘गुरुजी ने हमेशा अज्ञानता के विरुद्ध शिक्षा, शोषण के विरुद्ध संघर्ष और सम्मानपूर्ण जीवन के लिए संघर्ष का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएँ एक मजबूत स्तंभ बनी रहेंगी, जो पार्टी के प्रत्येक सदस्य को सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कभी हार न मानने के लिए प्रेरित करेंगी।’’
इस बीच, सोमवार को रांची स्थित झामुमो मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी संरक्षक के सम्मान में कार्यालय में पार्टी का झंडा आधा झुका दिया गया। जुगसलाई से विधायक मंगल कालिंदी और गुमला से विधायक भूषण तिर्की समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में मौजूद थे।
2 दिन बंद रहेंगे सरकारी ऑफिस
पूर्व सीएम शिबु सोरेन के निधन के बाद झारखंड में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इसके साथ झारखंड के संयुक्त सचिव अखलेश कुमार सिन्हा ने आदेश जारी किया है कि राज्य में दो दिन यानी 4 और 5 अगस्त को सभी सरकारी ऑफिस बंद रहेंगे। राजकीय शोक के दौरान प्रदेश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी सरकारी कार्यक्रम नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: ‘डेड इकॉनमी’ वाले बयान पर गरमाई सियासत, अब थरूर ने कह दी ऐसी बात, देखती रह गई कांग्रेस