जयपुर, चार अगस्त (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी का मजबूत होना जरूरी है क्योंकि आज देश में लोकतंत्र पर प्रहार किया जा रहा है।
यहां पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस का मजबूत होना देश के लिये आवश्यक है क्योंकि आज लोकतंत्र एवं प्रजातंत्र पर प्रहार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता सूची से वोट कम किये जा रहे हैं। तानाशाहीपूर्ण शासन चल रहा है, सरकार से असहमति रखने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किये जा रहे हैं।’’
डोटासरा ने आरोप लगाया,‘‘संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग विपक्ष की आवाज दबाने के लिये किया जा रहा है और ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है कि कोई कांग्रेस पार्टी के लिये काम न कर सके।’’
राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा,‘‘दुर्भाग्य है कि राजस्थान में पर्ची सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री अपने विवेक से कार्य करने की बजाए पर्ची से कार्य कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में आने वाले दिनों में नगर निकाय के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी जिलों के नगर पालिका क्षेत्रों में पार्टी की बैठकें की जाएंगी और चुनाव की तैयारी की जाएगी।
भाषा पृथ्वी
राजकुमार
राजकुमार