जोहानिसबर्ग, चार अगस्त (एपी) अमेरिकी शुल्क के कारण दक्षिण अफ्रीका में अनुमानित 30,000 नौकरियां खतरे में हैं। दक्षिण अफ्रीका के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह चेतावनी आठ अगस्त, 2025 से दक्षिण अफ्रीका से होने वाले अधिकांश आयातों पर 30 प्रतिशत अमेरिकी शुल्क लागू होने से ठीक चार दिन पहले आई है।
चीन और यूरोपीय संघ के बाद दक्षिण अफ्रीका के लिए अमेरिका उसका तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। इतने अधिक शुल्क लगने से निर्यात क्षेत्र में भारी अनिश्चितता पैदा हो गई है और सरकार अब अमेरिका के बाहर नए बाजारों की तलाश में जुट गई है।
दक्षिण अफ्रीका के व्यापार, उद्योग और प्रतिस्पर्धा विभाग के महानिदेशक सिम्फिवे हैमिल्टन ने बताया कि अगर इस स्थिति से ठीक से नहीं निपटा गया, तो 30,000 लोगों की नौकरियां जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि यह अनुमान विभिन्न क्षेत्रों जैसे वाहन, कृषि आदि से मिल रही जानकारी और बैठकों के आधार पर लगाया गया है।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने अपने साप्ताहिक सार्वजनिक पत्र में लिखा कि देश को इन शुल्क का प्रभाव कम करने के लिए जल्दी से कदम उठाने होंगे, क्योंकि इसका असर उन उद्योगों पर पड़ेगा जो अमेरिका को निर्यात पर निर्भर हैं और हजारों लोगों को रोजगार देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘हम अमेरिका से व्यापार और निवेश संबंध मजबूत करने के लिए लगातार संपर्क में हैं और सभी बातचीत के रास्ते खुले हैं।’
एपी योगेश रमण
रमण