गुरुग्राम, पांच अगस्त (भाषा) गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम के मंगलवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों ने वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर दोनों पदों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
महापौर इंद्रजीत कौर और उनके आठ समर्थक पार्षदों ने चुनाव में भाग नहीं लिया। भाजपा ने वार्ड 12 से निर्दलीय पार्षद प्रवीण यादव को वरिष्ठ उप महापौर और वार्ड 2 से रीमा दीपक चौहान को उप महापौर पद के लिए मैदान में उतारा था।
चूंकि वहां कोई विपक्षी उम्मीदवार नहीं था, इसलिए उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया।
वार्ड दो महिलाओं के लिए आरक्षित था और रीमा चौहान ने पहली बार चुनाव लड़ा। उन्होंने पहली बार में ही जीत हासिल की और उप महापौर चुनी गईं।
भाजपा के एक नेता ने बताया कि सात पार्षद भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते थे और बाद में सात अन्य पार्षदों ने पार्टी को अपना समर्थन दिया। उन्होंने बताया कि कुल 12 पार्षद चुनाव में शामिल हुए, जबकि दो अन्य अज्ञात कारणों से नहीं आ सके।
परिणाम घोषित होने के बाद कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने उम्मीदवारों को बधाई दी।
सिंह ने कहा, ‘‘कई वर्षों के बाद जीत का फैसला सर्वसम्मति से हुआ है। गुरुग्राम में सभी की सहमति से फैसला नहीं हो सका। भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। दोनों उम्मीदवार भाजपा के थे और दोनों जीते हैं। सभी पार्षद भी उसी पार्टी में हैं।’
भाषा अमित वैभव
वैभव