कोलकाता/चंडीगढ़, पांच अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई नेताओं ने शोक जताया।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मलिक को एक दुर्लभ राजनीतिक व्यक्ति बताया, जिनमें असहज करने वाला सच बोलने का साहस था।
बनर्जी ने कहा कि मलिक ने किसानों के विरोध प्रदर्शन के समर्थन में बहादुरी से बात की और पुलवामा हमले के संबंध में ‘कुछ अप्रिय सच्चाई’ बताई।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन से दुखी हूं। वह भारतीय राजनीति में कुछ ऐसे सच बोलकर प्रसिद्ध हुए, जिन्हें कहने का साहस बहुत कम लोग कर पाते हैं। उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सत्यपाल ने भारतीय किसानों के विरोध प्रदर्शन और पुलवामा हमले से जुड़े कुछ अप्रिय सच के समर्थन में दढ़ता से बात की। ऐसा साहस हमारी सलामी का हकदार है और मैं आज फिर से उन्हें सलाम करती हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’
अपने लंबे राजनीतिक जीवन में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहने के अलावा गोवा, बिहार, मेघालय और ओडिशा के राज्यपाल के पदों पर भी रह चुके मलिक का दोपहर में दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया।
चंडीगढ़ से प्राप्त समाचार के अनुसार वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर शोक व्यक्त किया।
हुड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक जी के निधन का समाचार मिला है। मैं दिवंगत पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि आर्पित करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवारजनों को इस असहनीय वेदना को सहने की शक्ति प्रदान करें।’’
सैलजा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘‘पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वह सदैव किसानों और आमजन से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट और निर्भीक स्वर में बोलने वाले थे। उनकी स्पष्टवादिता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी।’’
सुरजेवाला ने ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। गांव, खेत, खलिहान, किसान की आवाज, बेबाक व्यक्तित्व के लिए वह हमेशा याद किए जाएंगे। वह सत्ता में रहकर सत्ता से सवाल पूछने का साहस रखते थे।’’
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘ उन्होंने हमेशा किसानों और आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी तथा निडरता से सच्चाई की आवाज उठाई।’’
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी मलिक के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ‘‘पूर्व राज्यपाल और एक अनुभवी लोक सेवक सत्यपाल मलिक जी के निधन से गहरा दुख हुआ। भारतीय राजनीति और शासन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना है।’’
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश