ब्रह्मपुर, आठ अगस्त (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले की 15 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार कर उसे गर्भवती करने के आरोप में पुलिस ने मुंबई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मुंबई के पार्कसाइट थाने ने हाल ही में ब्रह्मपुर शहर के बैद्यनाथपुर थाने में दर्ज जीरो प्राथमिकी के आधार पर बृहस्पतिवार को 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया।
ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक सरवण विवेक एम ने बताया कि 28 जुलाई को पुलिस स्त्री रोग विभाग से चिकित्सीय-कानूनी शिकायत (एमएलसी) मिलने के बाद एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंची, जहां पीड़िता भर्ती थी। उपचार के दौरान पता चला कि नाबालिग लड़की 19 हफ्ते की गर्भवती थी, और वह गर्भपात कराना चाहती थी।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि वह पिछले 14 सालों से अपने माता-पिता के साथ मुंबई में रह रही थी। मार्च में एक दिन आरोपी उसे जबरन अपने घर ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
पुलिस ने बताया कि अपनी गर्भावस्था के बारे में पता चलने पर उसने अपनी मां को घटना के बारे में बताया। जब उसकी मां इस घटना के बारे में आरोपी से विरोध जताने गयी तो उसके परिवार के सदस्यों ने उसे धमकी दी कि अगर उन्होंने यह बात किसी को बताई तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
उसकी मां स्थानीय पुलिस को कोई सूचना दिए बिना ही उसे अनचाहे गर्भ को गिराने के लिए ब्रह्मपुर वापस ले गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि पीड़िता से विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के बाद ब्रह्मपुर पुलिस ने जीरो प्राथमिकी दर्ज की और औपचारिक प्राथमिकी दर्ज करने के लिए उसे मुंबई के पार्कसाइट थाने भेज दिया।
अधिकारी ने बताया कि बैद्यनाथपुर थाने की जीरो प्राथमिकी के आधार पर पार्कसाइट थाना (मुंबई) में मामला दर्ज किया गया और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
भाषा शुभम रंजन
रंजन