29.7 C
Jaipur
Monday, August 11, 2025

ईवीएम में खामी ढूंढने के बाद कांग्रेस एक और झूठा एजेंडा फैला रही है: नायब सैनी

Newsईवीएम में खामी ढूंढने के बाद कांग्रेस एक और झूठा एजेंडा फैला रही है: नायब सैनी

चंडीगढ़, 10 अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि चुनावों में हार के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) में खामियां ढूंढने के बाद अब कांग्रेस एक और ‘‘झूठा एजेंडा’’ फैला रही है।

कुरुक्षेत्र में वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए सैनी ने राहुल गांधी द्वारा चुनाव में धांधली किए जाने संबंधी दावों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों ने 55 साल तक देश पर शासन किया, वे लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए, इसलिए लोगों ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र का डेटा सामने रखते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची में हेरफेर करके वोट चोरी का यह मॉडल कई निर्वाचन क्षेत्रों में लागू किया गया है ताकि भारतीय जनता पार्टी को फायदा मिल सके।

उन्होंने यहां संवाददाताओं के समक्ष कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सूची के आंकड़ों की प्रस्तुति दी और धांधली का दावा किया था।

गांधी ने इसे ‘‘संविधान के खिलाफ अपराध’’ करार दिया।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत और हार के बीच का अंतर पूरे राज्य में सिर्फ 22,779 वोट का था।

सैनी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों को आलोचना करने की आदत है। आज विपक्ष की भूमिका चिंताजनक है। पहले वो ईवीएम में खामियां ढूंढ़ते थे। अब विपक्ष का एक बड़ा नेता, जिसे देश की जनता ने नकार दिया है, वह ‘वोट चोरी’ का एक और झूठा एजेंडा लेकर आया है… कोई उन्हें बताए कि वोट चोरी नहीं हुई, बल्कि उनकी ग़लतियों की वजह से लोगों ने उन्हें नकार दिया।’’

लोकसभा में विपक्ष के नेता को नोटिस जारी किए जाने के तुरंत बाद, निर्वाचन आयोग ने एक बार फिर उनसे कहा कि या तो वे कर्नाटक, हरियाणा और महाराष्ट्र में ‘वोट चोरी’ के अपने आरोपों को साबित करने के लिए एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करें या फिर ‘‘बेतुके’’ आरोप लगाने के लिए देश से माफी मांगें।

कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने भी गांधी से कहा कि वह जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से छूटने या गलत तरीके से शामिल होने का दावा कर रहे हैं, उनके नाम उपलब्ध कराएं। साथ ही निर्वाचन आचार संहिता के नियमों के अनुसार एक हस्ताक्षरित घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करें।

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 11 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वे सवाल उठा रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

भाषा

प्रीति नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles