28.6 C
Jaipur
Monday, August 11, 2025

भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया ‘लूटी’, यह लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश है : सपकाल ने दावा किया

Newsभाजपा ने चुनाव प्रक्रिया ‘लूटी’, यह लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश है : सपकाल ने दावा किया

पुणे, एक अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर वोट चोरी के जरिए “चुनावी प्रक्रिया लूटने” का आरोप लगाया और इसे देश में लोकतंत्र को ‘‘खत्म करने की साजिश’’ करार दिया।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पिछले सप्ताह चुनावी धांधली के दावे के बाद कांग्रेस ने एक वेब पोर्टल शुरू किया है, जिसके जरिए लोग निर्वाचन आयोग से जवाबदेही तय करने की मांग दर्ज कर सकते हैं और साथ ही लोग डिजिटल मतदाता सूची की मांग का समर्थन जता सकते हैं।

राहुल ने यह भी आरोप लगाया था कि 2024 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस के इस संदेह की पुष्टि की कि चुनाव ‘‘चुराया’’ गया।

निर्वाचन आयोग ने राहुल से अपने दावों को प्रमाणित करने के लिए एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करने को कहा है।

सपकाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘पिछले साल के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ने इस चोरी को उजागर कर दिया। लोकतंत्र क्या है? यह जनता है, उन्हें दिया गया वोट का अधिकार है और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ का सिद्धांत है। भाजपा ने वोट चोरी करके पूरी चुनावी प्रक्रिया को लूट लिया। यह लोकतंत्र को खत्म करने की उनकी साजिश है। देश में अब करो या मरो की स्थिति है और सभी विपक्षी दलों व नागरिकों को इसका डटकर विरोध करना चाहिए।’’

उन्होंने राहुल गांधी की ‘‘वोट चोरी’’ टिप्पणी को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा भेजे नोटिस पर कहा कि ‘‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।’’

सपकाल ने पुणे में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के इतर ये टिप्पणियां कीं।

वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं को ‘‘प्रोपेगैंडा’’ करार दिया।

इस कार्यशाला में वरिष्ठ कांग्रेस नेता बाबासाहेब थोराट, विजय वडेट्टीवार, सतेज पाटिल और विश्वजीत कदम मौजूद थे।

पार्टी अधिकारियों के मुताबिक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के वीडियो लिंक के जरिए कार्यशाला को संबोधित करने की संभावना है।

भाषा गोला नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles