33.1 C
Jaipur
Tuesday, August 12, 2025

ओडिशा: हत्या के एक मामले में 24 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

Newsओडिशा: हत्या के एक मामले में 24 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

ब्रह्मपुर (ओडिशा), 12 अगस्त (भाषा) ओडिशा पुलिस ने हत्या के एक मामले में 24 वर्षों से फरार एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यहां एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार को चेन्नई से आरोपी उदय प्रधान (52) को गिरफ्तार किया।

ओडिशा पुलिस ने सभी भगोड़ों को पकड़ने के मकसद से शुरू किए गए ‘ऑपरेशन गरुड़’ के तहत यह कार्रवाई की।

प्रधान ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर केरंदीटोला गांव में कैबल्या प्रधान नाम के एक व्यक्ति की छह जुलाई 2001 को एक विवाद के बाद हत्या कर दी थी। यह गांव वर्तमान में गंजम जिले में चामाखंडी पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत है।

पुलिस ने उदय प्रधान के एक भाई मुशा प्रधान को हत्या वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उदय और उसका बड़ा भाई पंचम दोनों ही लोग गांव से फरार हो गए थे।

गंजम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभेंदु पात्रा ने बताया, ‘‘पुलिस ने उदय प्रधान को गिरफ्तार करने के काफी प्रयास किए लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा। हालांकि, फिर विश्वसनीय जानकारी मिलने के बाद, पुलिस की एक टीम चेन्नई पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।’’

चामाखंडी थाने के प्रभारी निरीक्षक सब्यसाची मल्ला ने बताया कि आरोपी चेन्नई में एक निर्माण कंपनी में काम करता था और उसने अपना नाम बदलकर गणेश रख लिया था।

मल्ला ने बताया कि हत्या के बाद दोनों भाई – उदय और पंचम – पहले बेंगलुरु भाग गए थे, लेकिन पंचम से विवाद के बाद उदय चेन्नई आ गया। हालांकि उसके परिवार के अन्य सदस्य गांव में ही रहे।

उन्होंने बताया कि उसका बड़ा भाई अब भी फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि उसके छोटे भाई मुशा को हत्या में संलिप्तता के लिए स्थानीय अदालत द्वारा दी गई आजीवन कारावास की सजा पूरी करने के बाद जेल से रिहा कर दिया गया है।

भाषा यासिर नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles