26.9 C
Jaipur
Thursday, August 14, 2025

दिल्ली में प्रतिबंधित चीनी मांझे के 112 रोल जब्त, तीन लोग गिरफ्तार

Newsदिल्ली में प्रतिबंधित चीनी मांझे के 112 रोल जब्त, तीन लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 13 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले राष्ट्रीय राजधानी में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित चीनी मांझे के 112 रोल बरामद किए और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी योगेश, दिल्ली निवासी हर्ष और राजीव के रूप में हुई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उत्तम नगर स्थित योगेश की दुकान जगदंबा स्टेशनरी से मांझे के 27 रोल बरामद किए।

चीनी मांझा, दिल्ली सरकार द्वारा 2017 और 2020 में जारी अधिसूचनाओं के तहत प्रतिबंधित है।

पुलिस ने एक अलग अभियान में त्रिलोकपुरी के ब्लॉक 18 पार्क से हर्ष को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि हर्ष के पास से कथित तौर पर एक बैग मिला, जिसमें चीनी मांझे के 25 रोल थे।

पुलिस के मुताबिक, हर्ष ने पुलिस को बताया कि उसने ये मांझे के रोल रमन नाम के एक स्थानीय युवक से खरीदे थे।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तीसरे मामले में उत्तम नगर से राजीव को गिरफ्तार किया और उसके पास से मांझे के 60 रोल बरामद किये।

पुलिस के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी) (लोक सेवक द्वारा विधिवत प्रख्यापित आदेश की अवज्ञा) और पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के संबंधित प्रावधानों के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि चीनी मांझों की तस्करी के तार का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र सुरभि

सुरभि

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles