33.5 C
Jaipur
Monday, August 18, 2025

तमिलनाडु: डॉक्टरेट पाने वाली महिला ने राज्यपाल का बहिष्कार किया, कार्यक्रम में कुलपति से ली उपाधि

Newsतमिलनाडु: डॉक्टरेट पाने वाली महिला ने राज्यपाल का बहिष्कार किया, कार्यक्रम में कुलपति से ली उपाधि

तिरूनेलवेली, 13 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु के मनोनमनियम सुंदरनार विश्वविद्यालय द्वारा बुधवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाली एक महिला ने राज्यपाल आर.एन. रवि का बहिष्कार किया।

जब कुलपति एन. चंद्रशेखर सहित विश्वविद्यालय के शीर्ष अधिकारी मंच पर राज्यपाल के पास खड़े थे, तब उपाधि प्राप्तकर्ता एक-एक कर मंच पर पहुंचे, उन्होंने अपने प्रमाणपत्र राज्यपाल आर.एन. रवि को सौंपे, तस्वीरें खिंचवाईं और उनके हाथों से उपाधि प्राप्त की।

हालांकि डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाली एक महिला रवि के पास से गुजरी और चंद्रशेखर को अपनी उपाधि दी और उनसे ही इसे प्राप्त किया।

महिला ने बाद में अपना नाम जियां राजन बताया।

राजन के हटने से पहले ही राज्यपाल रवि ने उन्हें अपने पास खड़े होकर उपाधि लेने का संकेत किया। हालांकि, उन्होंने उस संकेत को अनदेखा कर दिया।

पत्रकारों से बात करते हुए राजन ने सवाल किया कि राज्यपाल ने राज्य के लिए अब तक क्या किया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी उपाधि है, और इसलिए यह उनका अधिकार है कि वह तय करें कि उन्हें यह उपाधि किससे लेनी चाहिए।

राजन ने आरोप लगाया कि राज्यपाल ने ‘तमिल व तमिलनाडु’ के खिलाफ काम किया है और यह उन्हें परेशान करता है इसलिए वह उनसे उपाधि नहीं लेना चाहतीं।

कुलपति ने हालांकि मंच पर जियां को राज्यपाल से डिग्री लेने के लिए कहा था लेकिन वह ऐसा करने को तैयार नहीं थीं।

जियां राजन ने कहा कि वह नागरकोइल में एक कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक के रूप में काम करती हैं।

उन्होंने कहा कि वह ‘द्रविड़ मॉडल’ में विश्वास करती हैं और उनका फैसला उसी पर आधारित है।

बताया जा रहा है कि जियां राजन के पति नागरकोइल शहर में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के पदाधिकारी हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता के. अन्नामलाई ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पार्टी के भीतर प्रभाव बढ़ाने के लिए ‘द्रमुक कार्यकर्ताओं’ द्वारा शैक्षणिक संस्थानों का इस्तेमाल ‘ओछी हरकतें’ करने के लिए करने की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को शिक्षा संस्थानों में राजनीति न करने की सलाह देनी चाहिए।

भाजपा की तमिलनाडु इकाई के नेता नारायणन तिरुपति ने भी द्रमुक के द्रविड़ मॉडल की ‘सस्ती राजनीति’ की निंदा की और डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाली महिला से अपने व्यवहार के लिए माफी की मांग की।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles