सेंट लुई (अमेरिका), 14 अगस्त (भाषा) विश्व चैम्पियन डी गुकेश ने अमेरिका के लीनियर डोमिन्गुएज पेरेज से मिली हार से उबरते हुए वेस्ली सो और फैबियानो कारूआना की अमेरिकी जोड़ी को हराकर यहां ग्रैंड शतरंज टूर के सेंट लुई रैपिड एंड ब्लिट्ज के रैपिड वर्ग में चौथा स्थान हासिल किया।
यह लगातार तीसरा दिन था जब गुकेश ने हार के साथ शुरुआत की लेकिन इसके बावजूद वह चौथा स्थान हासिल करने में सफल रहे। इस टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि 1,75,000 अमेरिकी डॉलर है और इसमें अभी 18 ब्लिट्ज गेम खेले जाने बाकी हैं।
गुकेश से हारने के बावजूद कारुआना रैपिड वर्ग में 14 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे। उनके बाद आर्मेनियाई से अमेरिकी बने लेवोन अरोनियन का नंबर आता है जिनके 13 अंक हैं। फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव 11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वह गुकेश से एक अंक आगे हैं।
पेरेज़, वेस्ली और उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव नौ अंकों के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। यह तीनों वियतनाम के लिएम ले क्वांग से दो अंक आगे हैं।
अमेरिका के सैम शैंकलैंड पांच अंक के साथ नौवें स्थान पर हैं। ग्रिगोरी ओपेरिन के सिर्फ तीन अंक हैं और वह अंतिम स्थान पर हैं।
भाषा
पंत
पंत