जमशेदपुर, 14 अगस्त (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के सरकारी स्कूलों की 28 छात्राओं के एक समूह ने श्रीहरिकोटा स्थित इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र की तीन दिवसीय शैक्षणिक यात्रा से लौटने के बाद बृहस्पतिवार को अपने अनुभव साझा किए।
जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित एक समारोह में बोलते हुए छात्रों ने कहा कि इस दौरे से उनके ज्ञान, दृष्टिकोण और आकांक्षाओं का विस्तार हुआ है।
उन्होंने शैक्षणिक यात्रा के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को धन्यवाद दिया।
पहले दिन छात्राओं ने श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश) स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र और आरएमके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के इंजीनियरिंग कॉलेज का दौरा किया।
दूसरे दिन, उन्होंने राज्य संग्रहालय और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया, जिनमें महाबलीपुरम किला, मंदिर, संग्रहालय और टाइगर गुफा शामिल थे।
उन्होंने वर्तमान शिक्षा प्रणाली और संसाधनों का अवलोकन करने के लिए चेन्नई के कोवलम स्थित एक मॉडल स्कूल का भी दौरा किया।
उपायुक्त सत्यार्थी ने कहा कि इस तरह के दौरे विद्यार्थियों को कक्षाओं के दायरे से बाहर निकलकर वास्तविक दुनिया को समझने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनकी सोच और दृष्टि व्यापक होती है।
भाषा
नोमान माधव
माधव