25.7 C
Jaipur
Thursday, August 14, 2025

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सीबीआई के 21 अधिकारियों को पदक प्रदान किये जाने की घोषणा की गई

Newsस्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सीबीआई के 21 अधिकारियों को पदक प्रदान किये जाने की घोषणा की गई

नयी दिल्ली, 14 अगस्त (भाषा) स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को सीबीआई के 21 अधिकारियों को पदक प्रदान किये जाने की घोषणा की गई। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

बयान के अनुसार 2जी स्पेक्ट्रम और व्यापमं, नीट यूजी 2024 पेपर लीक, छोटा राजन मामला और साइबर अपराध जैसे प्रमुख भ्रष्टाचार मामलों की जांच का नेतृत्व करने वाले सीबीआई अधिकारी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किये जाने वाले 21 अधिकारियों में शामिल हैं।

डीआईजी विवेक प्रियदर्शी, जिन्हें 2जी भ्रष्टाचार मामले, व्यापमं और पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा से संबंधित मामलों की जांच के लिए जाना जाता है, को विशिष्ट सेवा के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जायेगा।

गैंगस्टर छोटा राजन से जुड़े मामलों, पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन में भ्रष्टाचार, पोंजी घोटाला और पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के मामलों की जांच करने वाले उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मच्छिंद्र रामचंद्र कडोले को भी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किये जाने की घोषणा की गई।

कडोले ने दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (यूएनएमआईएसएस) में पुलिस सलाहकार के रूप में भी कार्य किया है।

उन्हें मिशन के लिए भारतीय पुलिस दल के कमांडर के रूप में दक्षिण सूडान के जुबा में तैनात किया गया था, और उनकी सेवाओं के लिए उन्हें संयुक्त राष्ट्र पदक प्राप्त हुआ था।

एएसपी बंदी पेद्दिराजू, जिन्होंने नीट यूजी 2024 पेपर लीक मामले, आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट, परिताला रवि हत्याकांड और माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन का नाम लेकर तकनीकी सहायता घोटाले से संबंधित साइबर अपराध मामलों की जांच का नेतृत्व किया, को भी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जायेगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीएच वेंकट नरेंद्र देवे, उप पुलिस अधीक्षक विशाल और हेड कांस्टेबल अभिजीत सेन को भी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किये जाने की घोषणा की गई।

सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि सीबीआई के 15 अधिकारियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जायेगा।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles