28.9 C
Jaipur
Tuesday, August 19, 2025

नागपुर में आरएसएस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया

Newsनागपुर में आरएसएस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया

नागपुर, 15 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता राजेश लोया ने शुक्रवार को नागपुर स्थित संघ मुख्यालय में देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

शहर के महाल क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में आरएसएस के कुछ कार्यकर्ता और प्रचारक भी मौजूद थे।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत शहर में नहीं हैं। लोया संगठन के नागपुर महानगर संघचालक हैं।

कार्यक्रम में अपने संबोधन में लोया ने भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले लोगों के योगदान को याद किया।

भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद जब भी किसी ने देश पर बुरी नजर डाली, उन्होंने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया।

लोया ने कहा कि दुनिया हैरान है कि भारत ने अपने संसाधनों का इस्तेमाल कर दुश्मनों को हराया। उन्होंने कहा कि यह इसलिए संभव हो पाया क्योंकि हाल के वर्षों में हमारा स्वाभिमान जागृत हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम आत्मनिर्भर बन रहे हैं और अपने ‘स्व’ को जगा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि यह जागृति भाषा से शुरू होती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारी अपनी, हमारी स्थानीय बोली, हमारी ‘मातृभाषा’ होनी चाहिए। यह हिंदी होनी चाहिए, जो व्यापक रूप से बोली जाती है। हमें विदेशी भाषाओं से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनका उपयोग सामान्य संवाद तक सीमित रहना चाहिए।’’

लोया ने कहा कि इसी तरह, जिस राज्य में हम रहते हैं, उसकी भाषा का सम्मान और उसे सीखना चाहिए, क्योंकि भाषा हमें एकजुट करती है।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आरएसएस ने रेशीमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति में एक कार्यक्रम आयोजित किया है, जिसमें विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) डॉ. तुषार झांजडे मुख्य अतिथि होंगे।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles