कोलकाता, 15 अगस्त (भाषा) कोलकाता में शुक्रवार को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद कई स्कूली बच्चे बीमार पड़ गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रेड रोड पर परेड में भाग लेने वाले कुल 39 छात्र बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें राजकीय एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कार्यक्रम में सलामी गारद का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में पुलिस, राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और स्कूली छात्रों ने भाग लिया।
बनर्जी बीमार बच्चों से मिलने अस्पताल भी गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी और उमस के कारण परेड में भाग लेने के दौरान बच्चों को अस्वस्थता महसूस हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘गर्मी और उमस भरे मौसम के कारण कुछ लोगों को निर्जलीकरण की समस्या हो गई थी। अब सभी ठीक और स्थिर हैं। उन्हें पहले नाश्ता दिया गया था। अब उन्हें दोपहर का भोजन भी दिया गया है।’’
अधिकारियों ने बताया कि ये छात्र राज्य भर के विभिन्न स्कूलों के थे।
भाषा शफीक नरेश
नरेश