ज्वाइंट बेस एल्मेंडोर्फ-रिचर्डसन (अलास्का), 15 अगस्त (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के उनके समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को अलास्का शिखर वार्ता से पहले गर्मजोशी से हाथ मिलाया।
यह वार्ता घंटों चलेगी, जो यूक्रेन में युद्ध तथा रूस और अमेरिका के बीच संबंधों को नया आकार दे सकती है।
दोनों नेताओं ने ज्वाइंट बेस एल्मेंडोर्फ-रिचर्डसन पर एक-दूसरे का अभिवादन किया, जहां अधिकारियों ने एक विशेष मंच बनाया था, जिस पर एक बड़ा ‘अलास्का 2025’ चिन्ह लगा था।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि ट्रंप और पुतिन के बीच पहले से तय आमने-सामने की बैठक की जगह अब तीन-तीन पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें विदेश मंत्री मार्को रूबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ शामिल होंगे। पुतिन के साथ विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव बैठक में हिस्सा लेंगे।
यह बदलाव दर्शाता है कि व्हाइट हाउस 2018 में हेलसिंकी में हुई बैठक की तुलना में अधिक सतर्क रुख अपना रहा है, जब ट्रंप और पुतिन पहली बार अपने दुभाषियों के साथ दो घंटे के लिए निजी तौर पर मिले थे।
शिखर सम्मेलन के अंत में पुतिन और ट्रंप के एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की उम्मीद है।
पुतिन के लिए, ट्रंप के साथ शिखर सम्मेलन एक ऐसा दीर्घकालिक अवसर प्रदान करता है, जिससे वह एक ऐसे समझौते पर बातचीत कर सकें, जो रूस के लाभ को पुख्ता करे, कीव के नाटो सैन्य गठबंधन में शामिल होने के प्रयास को रोके और अंततः यूक्रेन को फिर से मॉस्को के प्रभाव क्षेत्र में खींच ले।
एपी राजकुमार पारुल
पारुल