नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को विपक्षी दलों से लोकसभा में, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सफल मिशन और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति पर प्रस्तावित चर्चा में भाग लेने का आग्रह किया।
रीजीजू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे नायक अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सफल मिशन के बाद स्वदेश लौट आए हैं। संसद उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि और विकसित भारत की दिशा में भारत की बढ़ती अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं पर एक विशेष चर्चा के साथ उनका सम्मान करेगी।’’
रीजीजू ने सदस्यों से उसी भावना से चर्चा में भाग लेने का आग्रह किया जैसा उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान किया था।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि सभी सदस्य वैज्ञानिकों की उपलब्धियों का उसी तरह जश्न मनाएंगे जैसे उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में सशस्त्र बलों की वीरता की सराहना की थी।’’
सरकार ने शुक्ला के अंतरिक्ष प्रवास के उपलक्ष्य में लोकसभा में ‘अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री – 2047 तक विकसित भारत के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका’ विषय पर एक विशेष चर्चा का प्रस्ताव रखा है।
रीजीजू ने उम्मीद जताई कि सदस्य अंतरिक्ष कार्यक्रम में भारत की समग्र सफलता की सराहना करने और इसरो की उपलब्धियों का जश्न मनाने में उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव