कीव, 31 जुलाई (एपी) रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर रात में मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया जिसमें छह साल के बच्चे सहित कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। यूक्रेनी अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कीव सिटी सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने कहा कि हमलों में कम से कम 52 अन्य लोग घायल हुए हैं तथा यह संख्या बढ़ने की आशंका है।
नौ मंजिला इमारत का बड़ा हिस्सा ढहा
तकाचेंको ने बताया कि इस हमले से नौ मंजिला आवासीय इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। उन्होंने बताया कि बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘टेलीग्राम’ पर लिखा, ‘मिसाइल हमला। सीधे एक रिहायशी इमारत पर। लोग मलबे के नीचे हैं। सभी सेवाएं घटनास्थल पर हैं।’
27 स्थानों पर हमला
घटनास्थल की तस्वीरों में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त इमारत से धुंए का गुबार निकलता हुआ तथा जमीन पर मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। तकाचेंको ने बताया कि कीव में कम से कम 27 स्थानों पर हमला हुआ, जिसमें सबसे अधिक नुकसान सोलोमिंस्क्यी और स्वियातोशिनस्क्यी जिलों में हुआ।
अमेरिका की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को शांति प्रयासों में प्रगति के लिए 8 अगस्त तक की मोहलत दे रहे है। यदि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनकी बात नहीं मानी और सीजफायर का ऐलान नहीं किया तो अमेरिका कड़े प्रतिबंध और टैरिफ लागू करेगा। पश्चिमी नेताओं ने पुतिन पर यूएस-नेतृत्व वाली शांति वार्ताओं में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया है ताकि वे यूक्रेन के और अधिक हिस्से पर कब्जा कर सकें।
य़ह भी पढ़ें: 17 साल बाद NIA कोर्ट का बड़ा फैसला, साध्वी प्रज्ञा समेत सभी आरोपी बरी